इंदौर में एक भीषण आगजनी की घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से हुआ। घटना देर रात की है, जब परिवार के लोग घर में सो रहे थे और बाहर खड़ी ईवी कार चार्जिंग पर लगी थी।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और घर तक फैल गई। अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप
आग फैलने के बाद घर में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे। धमाके इतने तेज थे कि आसपास का इलाका दहल गया और मकान का एक हिस्सा भी ढह गया। घटना इतनी अचानक हुई कि घर के अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी।
मृतकों और घायलों की जानकारी
इस हादसे में मकान मालिक मनोज जैन पुंगलिया (60 वर्ष) सहित कुल 8 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में सिमरन (30 वर्ष), विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि (15 वर्ष), छोटू सेठिया और मासूम तनय शामिल हैं।
वहीं सौरभ (32 वर्ष), सुनीता (58 वर्ष) और सोमिल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। तनय को पहले लापता बताया गया था, लेकिन बाद में उसका शव बरामद हुआ।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले—ईवी युग में सुरक्षा पर गंभीर विचार जरूरी
घटना के बाद प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है क्योंकि देश और दुनिया तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रही है।
मंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि विशेषज्ञों की एक समिति बनाकर आग लगने के कारणों की जांच की जाए और भविष्य के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए।

















