उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक असामान्य मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने मन्नत पूरी होने पर मंदिर में अपनी जीभ काट दी। घटना शुक्रवार सुबह की है, जिसके बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के आलू थोक बावन चुंगी की निवासी उषा गुप्ता हरदोई-सीतापुर मार्ग स्थित महोलिया शिवपार गांव के काली मंदिर पहुंचीं। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद अचानक धारदार वस्तु से अपनी जीभ काटकर देवी को अर्पित कर दी।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के तुरंत बाद महिला के मुंह से खून बहने लगा, जिससे मंदिर में मौजूद लोग घबरा गए। कुछ ही समय में वहां भीड़ जमा हो गई और सूचना पुलिस तक पहुंचाई गई।
कोतवाली देहात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अब खतरे से बाहर है।
परिजनों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले महिला के पति राकेश गुप्ता को पैरालिसिस का अटैक पड़ा था। उस समय उषा गुप्ता ने मां काली से उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी।
उन्होंने संकल्प लिया था कि पति के पूरी तरह ठीक होने पर वह अपनी जीभ अर्पित करेंगी। परिजनों का कहना है कि हाल ही में राकेश गुप्ता की हालत सामान्य हुई, जिसके बाद महिला ने यह कदम उठाया।
महिला की स्थिति अब है बेहतर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला को एहतियातन अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।



















