Gold Silver Price Today: सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट दर्ज की गई। चांदी जहां एक ही कारोबारी सत्र में एक लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा टूट गई, वहीं सोना भी 33 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया। यह गिरावट वायदा बाजार के साथ-साथ घरेलू सर्राफा बाजार में भी साफ दिखाई दी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर गुरुवार को रिकॉर्ड तेजी दिखाने वाली चांदी शुक्रवार को बुरी तरह फिसल गई। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी गुरुवार को करीब चार लाख रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन शुक्रवार को गिरकर लगभग 2.92 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। यानी सिर्फ एक दिन में निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। इतनी तेज तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली शुरू हो गई और देखते ही देखते चांदी का बुलबुला फूट गया। हाई लेवल से चांदी करीब 1.28 लाख रुपये तक टूट चुकी है।
सोने में भी बड़ी गिरावट
चांदी के साथ-साथ सोने में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोने का भाव गुरुवार को करीब 1.84 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो शुक्रवार को फिसलकर लगभग 1.51 लाख रुपये तक आ गया। सोना भी अपने लाइफ टाइम हाई से 42 हजार रुपये से ज्यादा नीचे आ चुका है।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर में मजबूती, ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में उछाल और वैश्विक तनाव में कमी ने भी सोना-चांदी पर दबाव बनाया। सुरक्षित निवेश का रुख बदलने से कीमती धातुओं में बिकवाली बढ़ गई।





















