Ghaziabad Suicide Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले तीनों ने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था— “Sorry Papa… I am really sorry”। इन शब्दों के साथ ही एक पिता की पूरी दुनिया उजड़ गई।
पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनों ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, “जिंदगी की सच्ची कहानी इस डायरी में लिखी है। सब पढ़ लो… अभी पढ़ो।” यह नोट गहरे मानसिक दबाव और भावनात्मक संघर्ष की ओर इशारा करता है। नोट में किसी व्यक्ति को सीधे जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है, लेकिन मानसिक स्थिति बेहद अस्थिर बताई जा रही है।
इस मामले में जानकारी देते हुए निमिश पाटिल ने बताया कि चार फरवरी की सुबह सूचना मिली थी कि तीन लड़कियों ने इमारत से छलांग लगा दी है। अस्पताल में तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें कोरियन कल्चर और ऑनलाइन गेम्स से काफी प्रभावित थीं, हालांकि किसी एक खास ऐप का नाम सामने नहीं आया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों को ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी और परिवार उन्हें मोबाइल फोन इस्तेमाल करने से रोक रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले पिता ने मोबाइल फोन लेने की बात कही थी, जिसके बाद तीनों बहनें मानसिक रूप से टूट गईं और देर रात यह कदम उठा लिया।
यह घटना साहिबाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में हुई। बुधवार सुबह जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो मंजर देखकर सन्न रह गए। पुलिस के अनुसार, तीनों बहनों ने कोरोना काल के बाद पढ़ाई भी छोड़ दी थी और अधिकतर समय मोबाइल और गेमिंग में बीत रहा था।
परिवार की स्थिति भी बेहद जटिल बताई जा रही है। पिता चेतन अपने परिवार के साथ तीन साल पहले यहां रहने आए थे। परिवार में दो पत्नियां, एक बेटा और तीन बेटियां थीं। अब इस हादसे के बाद केवल बेटा, दो पत्नियां और पिता ही बचे हैं। बेटा भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।



















