इंदौर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह 26 जनवरी सोमवार को सुबह 9 बजे से नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ध्वजारोहण करेंगे। इस समारोह की व्यापक तैयारियां जारी हैं। आज पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप की जाये।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह तथा आर.के. सिंह, अपर कलेक्टर पवार नवजीवन विजय, रोशन राय तथा रिंकेश वैश्य सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। आज सुबह नेहरू स्टेडियम में समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्लाटूनों ने परेड का पूर्वाभ्यास किया। उन्होंने बैंड की धुन पर कदम ताल मिलाकर परेड प्रस्तुत की। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया।

बता दें कि समारोह में परेड के साथ विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित नयनाभिराम झाँकियां निकाली जायेंगी। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर सहायक पुलिस आयुक्त कुन्दन मण्डलोई करेंगे। उनका अनुकरण टूआईसी सूबेदार राजू सांवले करेंगे।
परेड में आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (प्रथम बटालियन), 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस (पुरुष), जिला पुलिस बल (महिला) जिला होमगार्ड सशस्त्र, जिला यातायात पुलिस बल, एनसीसी एयर, एनसीसी आर्म्ड, एनसीसी गर्ल्स, शौर्य दल, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस, एसपीसी तथा सृजन दल आदि प्लाटून शामिल होंगे। साथ ही बैंड भी परेड में शामिल रहेगा।

गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम ठीक 9 बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे और राष्ट्रगान होगा। मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेंगे। विभिन्न प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगे। स्कूली बच्चे देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य अतिथि जिले में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और संस्थाओं को पुरस्कृत भी करेंगे।

















