26.5 C
Indore
Friday, July 24, 2026
Homeबड़ी खबरCJP Protest Live: सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, लेकिन जंतर-मंतर पर...

CJP Protest Live: सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, लेकिन जंतर-मंतर पर आंदोलन रहेगा जारी; सरकार से आज फिर हो सकती है वार्ता

Date:

CJP Protest Live: सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त होने के बाद भी जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी है। सरकार से आज फिर बातचीत की संभावना है। दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, 17 मेट्रो स्टेशन बंद और इंटरनेट सेवाओं पर भी असर।

नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बावजूद राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन जारी रहेगा। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उनकी प्रमुख मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं, इसलिए धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस बीच, शुक्रवार को केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच एक और दौर की बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, सोनम वांगचुक ने अभी तक यह सार्वजनिक नहीं किया है कि किन बिंदुओं पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा है कि वह जल्द ही वीडियो संदेश जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे।

किसानों ने आंदोलन को दिया समर्थन

CJP के प्रवक्ता दीपक बालयान ने दावा किया कि ‘देश बचाओ मोर्चा’ के तहत भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर रहे किसान संगठनों ने आंदोलन को समर्थन देने का फैसला किया है। उनके अनुसार, भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी भी प्रदर्शन में शामिल होंगे।

दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों को जारी चेतावनी पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर रहे छात्रों को डराना उचित नहीं है और इसके लिए जवाबदेही तय होगी।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सभी रैंक के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। राजधानी के अलावा अन्य शहरों में भी प्रदर्शन जारी रहने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

अभिजीत दीपके बोले- इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि संगठन का धरना तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त किया जाना राहत की बात है, क्योंकि उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा था।

दीपके ने यह भी बताया कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठक किसी तटस्थ स्थान पर हो सकती है, लेकिन संगठन अपनी प्रमुख मांग से पीछे नहीं हटेगा।

इंटरनेट बंद करने के फैसले पर हाईकोर्ट में सुनवाई

दिल्ली हाईकोर्ट ने उस जनहित याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दी है, जिसमें जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद करने के सरकारी फैसले को चुनौती दी गई है।

स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण कुछ समय आराम करने के बाद अभिजीत दीपके ने कहा कि वह दोबारा जंतर-मंतर लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुखार के कारण कमजोरी बनी हुई है, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के बीच ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि केंद्र सरकार पेपर लीक के मामलों में कड़ी सजा और भारी जुर्माने जैसे प्रावधानों पर विचार कर रही है। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

CJP ने दोहराईं अपनी मांगें

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सरकार के साथ बैठक निर्धारित है, जिसमें संगठन अपनी मांगें दोबारा रखेगा।

17 मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से अगली सूचना तक 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। इनमें राजीव चौक, पटेल चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, जनपथ, खान मार्केट, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई है।

जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इंटरनेट बंद रखने की अवधि बढ़ा दी है।

विपक्ष ने भी सरकार पर साधा निशाना

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि मामला अब केवल एक मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

वहीं, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने एक लेख में आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सरकार का रवैया कठोर है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश