29.3 C
Indore
Friday, June 5, 2026
Homeबड़ी खबरराज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार, एमपी से इन...

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार, एमपी से इन नए चेहरों को मिला मौका

Date:

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश की दो सीटों के लिए पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और भाजपा प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है।

इस घोषणा के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने इस बार केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन को दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला नहीं किया है। जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी का राज्यसभा कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है।

कौन हैं तरुण चुग?

तरुण चुग भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और संगठन में उनकी पहचान एक प्रभावशाली रणनीतिकार के रूप में होती है। उनका मूल निवास पंजाब के अमृतसर में है और उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन (HR) में MBA की शिक्षा प्राप्त की है।

उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से की थी। संगठन में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

वर्ष 1993 में वह अमृतसर जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। इसके बाद 1997 में पंजाब भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। उन्होंने पार्टी में महासचिव, मीडिया प्रभारी, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी और युवा मोर्चा प्रभारी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

वर्तमान में वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव होने के साथ-साथ अंडमान-निकोबार के प्रभारी और दिल्ली भाजपा के सह-प्रभारी की भूमिका भी निभा रहे हैं।

रजनीश अग्रवाल को क्यों मिला मौका?

रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं। वर्तमान में वह भाजपा प्रदेश सचिव के रूप में कार्य कर रहे हैं और संगठन के भीतर उनकी पहचान बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति के विशेषज्ञ के तौर पर है।

पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को सक्रिय रखने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भाजपा के कई चुनावी अभियानों में उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर संगठनात्मक समन्वय का काम संभाला है। उनकी कार्यशैली को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा के लिए मौका दिया है।

18 जून को होगा मतदान

चुनाव आयोग ने राज्यसभा की विभिन्न सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार मतदान 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। विभिन्न राज्यों में कुल 27 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश