19.1 C
Indore
Monday, March 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशभोपालभोपाल में मदरसा के पास पार्किंग करने पर विवाद, छात्रा ने बताई...

भोपाल में मदरसा के पास पार्किंग करने पर विवाद, छात्रा ने बताई आपबीती, रॉड और बेल्ट से किया हमला

Date:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीती रात एक पार्किंग विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कल्पना नगर इलाके में हुई इस घटना को लेकर एक छात्रा ने मारपीट और बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उसके और उसके दोस्तों के साथ बेरहमी से हमला किया गया। घटना की जानकारी सामने तब आई जब छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया।

पीड़िता के मुताबिक, विवाद उस समय शुरू हुआ जब उसके एक दोस्त ने एक मदरसे के पास गाड़ी पार्क करने की कोशिश की। छात्रा का दावा है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और कथित तौर पर पैसों की मांग की। दोस्त द्वारा इनकार करने पर बहस बढ़ गई और मामला बिगड़ गया।

छात्रा ने आरोप लगाया कि इसके बाद वहां और लोग बुला लिए गए। उसने कहा कि उसके दोस्तों पर रॉड, बेल्ट और अन्य चीजों से हमला किया गया। उसका यह भी कहना है कि मौके पर पहुंची कुछ महिलाओं ने उसके साथ मारपीट की, बाल खींचे और अभद्र व्यवहार किया।

पीड़िता ने बताया कि हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें पुलिस को फोन करना पड़ा। पुलिस के पहुंचने के बाद सभी को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। रिपोर्ट में मारपीट से आई चोटों की पुष्टि होने की बात कही जा रही है। शिकायत के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

छात्रा ने कहा कि वह साल 2019 से पढ़ाई के लिए घर से बाहर रह रही है, लेकिन पहली बार उसने खुद को इतना असुरक्षित महसूस किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जिससे वह और ज्यादा डर गई।

वहीं दूसरी ओर इलाके के मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों का कहना है कि यह मामला केवल पार्किंग विवाद का है और इसे किसी भी तरह से सांप्रदायिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने इस घटना की निंदा भी की है, खासकर एक महिला के साथ हुई हिंसा को गलत बताया है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश