ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि लगातार ठंड में खुले स्थान पर बैठने के कारण उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ा है। इसके चलते वे अस्वस्थ हो गए हैं। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बावजूद अब तक किसी डॉक्टर द्वारा उनका औपचारिक स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किया गया है। इसे लेकर उनके अनुयायियों और समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि उम्र और मौजूदा हालात को देखते हुए तत्काल चिकित्सकीय देखरेख जरूरी है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अस्वस्थ होने की खबर फैलते ही देशभर में उनके अनुयायी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। साथ ही मांग की जा रही है कि डॉक्टरों की टीम द्वारा जल्द जांच कराई जाए, ताकि उनकी सेहत को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके। प्रशासन और संबंधित संस्थाओं की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
मेला प्राधिकरण और शंकराचार्य के बीच विवाद
गौरतलब है कि प्रयागराज में चल रहे माघ मेला प्रयागराज के दौरान संगम की रेती पर उनका प्रवास रहा है। इसी बीच मौनी अमावस्या के दिन हुए घटनाक्रम को लेकर विवाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा। शंकराचार्य और मेला प्राधिकरण के बीच टकराव लगातार सुर्खियों में है।
मेला प्राधिकरण की ओर से शंकराचार्य को अब तक दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ओर से दोनों नोटिसों का जवाब दिया जा चुका है। इसके बावजूद वे अपने रुख पर कायम हैं और साफ कह चुके हैं कि हर नोटिस का जवाब दिया जाएगा।
इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो रही है। शंकराचार्य ने हाल ही में योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी। इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनसे अपील की थी। इन सबके बीच अब उनकी तबीयत को लेकर चिंता बढ़ गई है।


















