पटना। बिहार में बार-बार हो रहे पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बुधवार को पटना की सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अगुआई में यह पैदल मार्च पार्टी के राज्य मुख्यालय से शुरू होकर लोक भवन (राजभवन) की ओर बढ़ा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरजेडी नेताओं का आरोप है कि राज्य में परीक्षाओं का पारदर्शी संचालन पूरी तरह से ठप हो चुका है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं से लेकर बहाली की परीक्षाओं तक के पर्चे लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
आरजेडी ने हाल ही में सीवान जिले में नीट-यूजी परीक्षा लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। पार्टी का कहना है कि अपनी मांगों के लिए आवाज उठा रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में बिल्कुल गलत है।
विरोध मार्च को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। डाक बंगला चौराहे और इनकम टैक्स चौराहे सहित राजभवन जाने वाले प्रमुख रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग की गई। आरजेडी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

















