भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की खबरों ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, इस खबर पर अभी तक न तो भाजपा और न ही शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
सीएनएन-न्यूज18 की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शहजाद पूनावाला ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा भेजा है। इसी बीच उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बायो भी अपडेट किया है, जिसमें अब भाजपा का उल्लेख नहीं है।
एक्स बायो में पीएम मोदी का किया जिक्र
अपडेट किए गए बायो में शहजाद पूनावाला ने लिखा है, “धर्म- इस्लाम, संस्कृति- हिन्दू, विचारधारा- भारतीय। लेखक: GST की यात्रा। पीएम मोदी का आजीवन अनुयायी।” भाजपा का नाम हटाए जाने के बाद उनके इस्तीफे की अटकलों को और बल मिला है।
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। कांग्रेस से अलग होते समय उन्होंने पार्टी अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया को “दिखावा” बताया था। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली और वे टीवी बहसों व प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे।
पॉडकास्ट में राजनीति छोड़ने का किया था जिक्र
हाल ही में एक पॉडकास्ट में शहजाद पूनावाला ने सक्रिय राजनीति को लेकर अपने विचार साझा किए थे। उन्होंने कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव को वह अपना आखिरी चुनाव मानकर चल रहे थे।
उन्होंने कहा, “मैंने 2024 को अपना आखिरी चुनाव मान लिया था। सक्रिय राजनीति में मुझे 18-19 साल हो गए हैं। मैंने 2006 में NSUI जॉइन की थी। उम्र अभी कम है, लेकिन राजनीति में लंबा समय दे चुका हूं।”
क्यों नहीं लिया था पहले फैसला?
इसी बातचीत में पूनावाला ने बताया था कि 2024 के चुनाव के बाद वह सक्रिय राजनीति से अलग होने का मन बना चुके थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपना फैसला टाल दिया।
उनके मुताबिक, उन्होंने सोचा कि पश्चिम बंगाल, दिल्ली और हरियाणा जैसे महत्वपूर्ण चुनावों तक पूरी ताकत से काम करने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।















