इंदौर, 07 जुलाई 2026। इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आयोजित हो रही साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरी है। जनसुनवाई में पहुंचे विभिन्न आवेदकों की समस्याओं को कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित सहायता सुनिश्चित की।
जनसुनवाई में पहुंची दिव्यांग छात्रा पूजा ने बताया कि उन्होंने बीएसडब्ल्यू (BSW) में 9.8 सीजीपीए के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है तथा वर्तमान में एमएसडब्ल्यू (MSW) की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी कलेक्टर वर्मा को दी।

छात्रा की प्रतिभा और शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए कलेक्टर वर्मा ने उसकी उच्च शिक्षा में सहयोग के लिए 45 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए तथा उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
दिव्यांग दंपत्ति ने कलेक्टर शिवम वर्मा का आभार जताया
जनसुनवाई में दिव्यांग दंपती अपनी पुत्री वैष्णवी रायकवार के साथ पहुंचे। उन्होंने पिछली जनसुनवाई में प्रशासन द्वारा मिली सहायता के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा का आभार व्यक्त किया। दंपती ने अपनी पुत्री के भविष्य एवं शिक्षा के लिए सहयोग का अनुरोध किया, जिस पर कलेक्टर वर्मा ने आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के त्वरित निर्देश दिए। सहायता मिलने पर दंपती ने जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रशासन के सहयोग से उन्हें अपनी बेटी के भविष्य को लेकर नया विश्वास मिला है।

एक अन्य प्रकरण में सुधीर माधवानी जनसुनवाई में पहुंचे और उन्होंने बताया कि वे थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की सहायता एवं उनके उपचार की व्यवस्था में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उपचार व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा मिल सके।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।
















