MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 10 जुलाई तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, खरगोन और बड़वानी जिले सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। इन दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हो सकती है। इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
वहीं बुरहानपुर, खंडवा, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्ना जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां भी तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं।
इसके अलावा सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रतलाम, उज्जैन, देवास, गुना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और सागर जिलों में भी भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।



















