Mahua Moitra News: पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा के साथ बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब उनके पार्टी कार्यालय के बाहर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने अंडे, सब्जियां और अन्य सामान फेंकना शुरू कर दिया।
घटना के बाद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि यह हमला भाजपा समर्थकों द्वारा कराया गया और मौके पर मौजूद पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बल तमाशबीन बने रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग काले झंडे लेकर प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर “वापस जाओ” और अन्य नारे भी लगाए गए।
महुआ ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
महुआ मोइत्रा ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि वह पार्टी कार्यालय के अंदर बैठक कर रही थीं। इसी दौरान बाहर जुटी भीड़ ने अंडे और सब्जियां फेंकना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि जब वह स्थिति देखने के लिए खिड़की के पास पहुंचीं तो उन पर भी अंडे फेंके गए, जिससे उन्हें चोट लगी।
टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (DGP) से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर मौजूद पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने भीड़ को हटाने के लिए कार्रवाई नहीं की।
महुआ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह पिछले कई घंटों से अपने कार्यालय में थीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश नहीं की।
पहले भी TMC नेताओं पर हो चुके हैं ऐसे हमले
यह पहली बार नहीं है जब किसी टीएमसी नेता पर इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले पार्टी नेता कुणाल घोष पर भी प्रेस से बातचीत के दौरान अंडा फेंका गया था। इसके अलावा कई अन्य नेताओं के साथ भी विरोध प्रदर्शन के दौरान इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
टीएमसी इन घटनाओं के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका होने का आरोप लगाती रही है, जबकि भाजपा ने ऐसे आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें स्थानीय लोगों के विरोध बताया है।
हाल के दिनों में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ के निशाने पर आ चुके हैं। उनके ऊपर अंडे, पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंके जाने का दावा किया गया था। पार्टी का कहना है कि उसके नेताओं के खिलाफ लगातार इस तरह की घटनाएं कराई जा रही हैं।

















