कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने संगठनात्मक विस्तार और सार्वजनिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तीन नए प्रवक्ताओं के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की।
घोषणा के अनुसार खोजी पत्रकार सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्म निर्माता विजेता दहिया तथा आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र आशुतोष रांका को भी पार्टी का आधिकारिक प्रवक्ता बनाया गया है।
पार्टी का कहना है कि यह टीम विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर संगठन का पक्ष मीडिया और जनता के सामने रखेगी। CJP ने दावा किया है कि वह देश में राजनीतिक संवाद की दिशा बदलने के उद्देश्य से काम कर रही है और इस प्रयास का नेतृत्व नई पीढ़ी के लोग करेंगे।
सौरव दास को मिली मुख्य जिम्मेदारी
पार्टी के अनुसार सौरव दास लंबे समय से कानूनी, न्यायिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खोजी पत्रकारिता कर रहे हैं। CJP का दावा है कि नवंबर 2025 में इंडिया गेट पर आयोजित प्रदूषण विरोधी अभियानों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही थी।
मुख्य प्रवक्ता के रूप में अब वे पार्टी की नीतियों, आंदोलनों और विभिन्न मुद्दों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देने का कार्य संभालेंगे।
विजेता दहिया का शोध और रचनात्मक क्षेत्र में अनुभव
पार्टी द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक विजेता दहिया राजनीतिक शोध, लेखन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और यूट्यूब कंटेंट निर्माताओं के लिए शोध एवं सामग्री निर्माण का कार्य किया है।
दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) से शिक्षा प्राप्त कर चुके दहिया कई पुस्तकों के लेखक भी हैं। इसके अलावा उन्होंने हरियाणवी सिनेमा से जुड़े कुछ प्रोजेक्ट्स में लेखन और निर्देशन की भूमिका निभाई है।
आशुतोष रांका को भी मिली जिम्मेदारी
आशुतोष रांका आईआईटी कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र हैं। पार्टी के अनुसार वे पहले वैश्विक कंसल्टिंग कंपनी मैक्किंजे एंड कंपनी के साथ कार्य कर चुके हैं।
बताया गया है कि भारत लौटने के बाद उन्होंने पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं से जुड़े विभिन्न जन अभियानों में भागीदारी की। पार्टी का कहना है कि वे युवाओं और सार्वजनिक नीति से जुड़े मुद्दों पर संगठन की बात प्रभावी ढंग से रखेंगे।

















