ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने संभाल ली है। सोमवार को CBI ने भोपाल पुलिस से केस अपने हाथ में लेते हुए नई FIR दर्ज की। इस FIR और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनसे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ट्विशा की मौत फांसी लगने से हुई थी और फांसी मौत से पहले लगाई गई थी। रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने का भी जिक्र है। जांच एजेंसियों का मानना है कि ये चोटें किसी भारी वस्तु से लगने या मारपीट की ओर संकेत कर सकती हैं।
प्रेग्नेंसी को लेकर दबाव बनाने का आरोप
CBI की FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ उस पर चरित्र को लेकर शक जताते थे। शिकायत में कहा गया है कि जब ट्विशा गर्भवती हुई तो उस पर आरोप लगाया गया कि बच्चा किसी और का है।
परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि ट्विशा पर गर्भपात कराने का दबाव डाला गया। शिकायत के अनुसार अप्रैल 2026 में ट्विशा एक महीने की गर्भवती थी। उस समय उससे कहा गया कि यदि वह बच्चा गिरा दे तो उसे घर में रहने दिया जाएगा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे थे। ट्विशा के परिवार का आरोप है कि आर्थिक दबाव बनाया गया और बाद में उसके परिवार ने ऑनलाइन पैसे भी भेजे।
आखिरी फोन कॉल के बाद बढ़े सवाल
FIR के अनुसार 12 मई की रात ट्विशा ने कई बार अपने परिवार को फोन किया था। रात करीब 9:41 बजे उसने अपने पिता को व्हाट्सऐप कॉल किया और उसकी मां उससे बात कर रही थीं। उसी दौरान पीछे से समर्थ के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी और कॉल कट गया।
परिवार का कहना है कि इसके बाद करीब 20 मिनट तक लगातार फोन किए गए लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। बाद में रात 10:35 बजे ट्विशा की भाभी का फोन उसकी सास गिरिबाला सिंह ने उठाया और कहा कि ‘शी इज नो मोर’ और फोन काट दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि समर्थ और ट्विशा की मुलाकात साल 2014 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। बाद में दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी।
वहीं दूसरी ओर गिरिबाला सिंह ने पहले दहेज और प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया था। उनका दावा था कि वह खुद ट्विशा को आर्थिक मदद भेजती थीं और प्रेग्नेंसी के दौरान ट्विशा ने नशा करने की बात स्वीकार की थी। फिलहाल CBI पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

















