केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी नई किताब ‘अपनापन’ के विमोचन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने लंबे राजनीतिक संबंधों और अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तकनीक को लेकर सोच और भविष्य को पहले से समझने की क्षमता की खुलकर सराहना की।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी को बहुत पहले ही यह अंदाजा हो गया था कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में टेक्नोलॉजी की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि जब अधिकांश नेता डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया को गंभीरता से नहीं लेते थे, तब मोदी इन माध्यमों के महत्व को समझ चुके थे।
ईमेल को लेकर सुनाया पुराना किस्सा
कार्यक्रम में चौहान ने एक पुरानी बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि नरेंद्र मोदी जब संगठन के प्रभारी बनकर आए थे, तब उन्होंने नेताओं से पूछा था कि किसके पास ईमेल आईडी है। उस समय अधिकांश लोग ईमेल से परिचित भी नहीं थे।
उन्होंने कहा कि बैठक में कुछ देर सन्नाटा छा गया था। इसके बाद वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि ‘ये फीमेल-ईमेल क्या होता है।’ इस किस्से को सुनाते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े।
शिवराज ने बताया कि वह जब युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में मोदी से मिलने जाते थे, तब अक्सर उन्हें कंप्यूटर पर काम करते हुए देखते थे। उन्होंने कहा कि मोदी आने वाले समय की जरूरतों को पहले ही भांप लेते थे और उसी हिसाब से तैयारी करते थे।
सोशल मीडिया को लेकर दी थी चेतावनी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब कार्यकर्ता सोशल मीडिया को ज्यादा महत्व नहीं देते थे। उसी दौरान नरेंद्र मोदी ने उन्हें बुलाकर कहा था कि हर विधायक और सांसद को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना चाहिए।
शिवराज के अनुसार मोदी ने साफ कहा था कि अगर किसी जनप्रतिनिधि के 50 हजार से कम फॉलोअर होंगे तो यह खतरे का संकेत माना जाएगा। उनका मानना था कि जनता से सीधे जुड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बेहद जरूरी हैं।
चौहान ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक स्तर के कार्यक्रम आयोजित कराए और दुनिया भर के विशेषज्ञों को भारत बुलाने का काम किया।
‘अपनापन’ किताब में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने करीब 35 वर्षों के राजनीतिक और व्यक्तिगत अनुभवों का विस्तार से उल्लेख किया है।

















