मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर फ्लाइट को जबलपुर में उतारा।
जानकारी के अनुसार इंडिगो का एयरबस-320 विमान अहमदाबाद से रांची जा रहा था। इसी दौरान पश्चिम बंगाल निवासी 29 वर्षीय सुदीप कुमार गौनिश की हालत अचानक खराब हो गई। बताया गया कि उन्हें सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी थी।
एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
विमान दोपहर करीब 1 बजकर 1 मिनट पर डुमना एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान के लैंड होते ही एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन स्टाफ सक्रिय हो गया। आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाई गई और यात्री को शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रात में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इलाज के लिए गए थे अहमदाबाद
जानकारी के मुताबिक सुदीप कुमार गौनिश फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे। वह अपनी बहन के साथ इलाज के लिए अहमदाबाद गए थे और वहां से रांची लौट रहे थे।
जब विमान जबलपुर के ऊपर पहुंचा, तब उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई। इसके बाद सहयात्रियों ने क्रू मेंबर्स को जानकारी दी और तुरंत मेडिकल सहायता की मांग की।
50 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुका विमान
डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी के मुताबिक फ्लाइट सुबह 11:15 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी और उसे दोपहर 1:25 बजे रांची पहुंचना था।
मरीज को अस्पताल भेजने के बाद विमान करीब 50 मिनट तक जबलपुर एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। बाद में बाकी यात्रियों को लेकर फ्लाइट रांची के लिए रवाना हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए हैं। एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


















