देश में एलपीजी की कमी के बीच अयोध्या में चलने वाली ‘राम रसोई’ के बंद होने का मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा है और स्थिति पर चिंता जताई है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या में वर्षों से राम के नाम पर राम रसोई चलाई जाती रही है, जहां जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाता था। लेकिन गैस की कमी के कारण अब इस रसोई को बंद करना पड़ा है।
संसद में भी उठाया मुद्दा
सपा सांसद ने कहा कि उन्होंने इस मामले को संसद में भी उठाया है और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि राम रसोई को जल्द से जल्द दोबारा शुरू किया जाना चाहिए ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब गैस की कमी के कारण राम रसोई को बंद करना पड़ा है।
15 मार्च से धरने की चेतावनी
अवधेश प्रसाद ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द इस दिशा में कदम नहीं उठाती है तो वे आंदोलन करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि 15 मार्च से अयोध्या में धरना देकर राम रसोई को फिर से शुरू कराने की मांग की जाएगी।
उनके अनुसार यह स्थिति बेहद विडंबनापूर्ण है कि जिस अयोध्या में भगवान राम के नाम पर राजनीति होती रही है, वहीं जरूरतमंदों के लिए चलने वाली रसोई बंद हो गई है।
गैस की कमी से बंद हुई रसोई
अयोध्या में राम मंदिर के पास अमावा मंदिर प्रबंधन द्वारा राम रसोई चलाई जाती है। रसोई के बाहर लगाए गए नोटिस में बताया गया कि देश में रसोई गैस की कमी के कारण अस्थायी रूप से राम रसोई को स्थगित किया गया है।
नोटिस में लिखा गया कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
एलपीजी संकट का असर सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों में भी कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।
कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि होटल और रेस्टोरेंट उद्योग भी इससे प्रभावित हो रहे हैं।
अखिलेश यादव का भी सरकार पर हमला
इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार दावा कर रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, तो उसे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
एलपीजी संकट के बीच अयोध्या में राम रसोई का बंद होना एक बड़ा सामाजिक मुद्दा बन गया है। स्थानीय प्रबंधन और राजनीतिक नेताओं की मांग है कि जल्द गैस सप्लाई बहाल कर रसोई को फिर से शुरू किया जाए ताकि जरूरतमंद लोगों को भोजन मिलता रहे।















