मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि योजना की 34वीं किस्त जल्द ही प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि वह ग्वालियर जिले के भितरवार से इस योजना की किस्त जारी करेंगे। इसके तहत राज्य की पात्र महिलाओं को सीधे उनके खातों में आर्थिक सहायता भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश की बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तो उनके परिवार और समाज भी समृद्ध होंगे। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त प्रदेश की लाखों महिलाओं के खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
क्या है लाड़ली बहना योजना
लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश सरकार की एक प्रमुख सामाजिक कल्याण योजना है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी।
इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है ताकि वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
हर महीने मिलती है आर्थिक सहायता
योजना की शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता दी जाती थी। बाद में इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपये प्रति माह कर दिया गया।
राज्य सरकार ने भविष्य में इस राशि को बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह तक करने का लक्ष्य भी रखा है।
कौन महिलाएं ले सकती हैं लाभ
लाड़ली बहना योजना का लाभ मध्य प्रदेश की 21 से 60 वर्ष की विवाहित महिलाओं को दिया जाता है। इसमें विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं शामिल हैं।
हालांकि योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलता है जो सरकार द्वारा तय पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं और जिनके परिवार की आय निर्धारित सीमा के भीतर होती है।
















