MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के पास सांवेर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कार चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया और गाड़ी लेकर भागने लगा। इसी दौरान कर्मचारी युवक कार के साथ घिसटता चला गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना सांवेर के कजलाना इलाके में स्थित शिवलाल पेट्रोल पंप पर बुधवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोहित परमार के रूप में हुई है।
4 हजार का पेट्रोल भरवाकर भागा चालक
पुलिस अधिकारी देवेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि कार चालक ने करीब 4 हजार रुपए का पेट्रोल भरवाया था। इसके बाद उसने भुगतान करने से मना कर दिया और गाड़ी आगे बढ़ाने लगा।
जब कर्मचारी रोहित परमार ने पैसे मांगने के लिए कार की खिड़की के अंदर हाथ डाला, तो आरोपी ने खिड़की का शीशा ऊपर कर दिया। इससे रोहित का हाथ कार में फंस गया और चालक तेज गति से वाहन लेकर भाग निकला।
कार के साथ घसीटता चला गया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में करीब 300 मीटर तक आगे बढ़ती रही और रोहित परमार उसी के साथ घिसटता चला गया। कुछ दूरी पर जाकर आरोपी ने खिड़की का शीशा नीचे किया, जिससे रोहित सड़क पर सिर के बल गिर गया।
गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
कार पर ‘करणी सेना’ लिखा होने की बात
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में कार का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। इसलिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
चश्मदीदों के मुताबिक कार में चार से पांच लोग सवार थे। साथ ही वाहन पर ‘करणी सेना’ लिखा होने की बात भी सामने आई है।
उज्जैन की ओर जाते दिखी कार
पुलिस का कहना है कि फुटेज में घटना के बाद कार उज्जैन की दिशा में जाती हुई दिखाई दे रही है। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी गई है।
मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश जारी है।
परिजनों और स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखा। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पेट्रोल पंप पर रोहित परमार का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों का कहना है कि यह केवल गैर-इरादतन हत्या का मामला नहीं है, बल्कि जानबूझकर की गई हत्या है। उन्होंने पुलिस से हत्या की धारा में मामला दर्ज करने की मांग की है।

















