प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक और उसके एडिटर-इन-चीफ प्रबीर पुरकायस्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट के तहत कुल 184 करोड़ रुपये का पेनल्टी नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई विदेशी फंडिंग से जुड़े कथित उल्लंघनों को लेकर की गई है।
सूत्रों के अनुसार ED के आदेश में पोर्टल की मालिक कंपनी पीपीके न्यूजक्लिक स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड पर 120 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं प्रबीर पुरकायस्थ पर 64 करोड़ रुपये की पेनल्टी तय की गई है। एजेंसी का कहना है कि यह जुर्माना FEMA नियमों के उल्लंघन और विदेशी निवेश को गलत तरीके से दिखाने के आरोपों के आधार पर लगाया गया है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि विदेशी प्रत्यक्ष निवेश को सही तरीके से घोषित नहीं किया गया और सेवाओं व निर्यात से संबंधित विवरणों में भी गड़बड़ी पाई गई। इसी आधार पर FEMA के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
2020 में दर्ज हुआ था मामला
इस मामले की जांच 2020 में शुरू हुई थी, जब दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने न्यूजक्लिक और उसके संस्थापक के खिलाफ विदेश से मिले धन को लेकर मामला दर्ज किया था। इसके बाद ED ने भी जांच शुरू की और 2021 में न्यूजक्लिक के दफ्तर समेत कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
सितंबर 2021 में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत प्रबीर पुरकायस्थ के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई थी। बाद में नई दिल्ली के साकेत स्थित उनसे जुड़े एक फ्लैट को अटैच किया गया।
अक्टूबर 2023 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अलग मामले में उन्हें गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत गिरफ्तार किया था। बाद में जुलाई 2025 में उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई थी। अब FEMA के तहत जारी यह पेनाल्टी नोटिस मामले में नया मोड़ माना जा रहा है।
राजनीतिक स्तर पर भी यह मामला चर्चा में रहा है। 2023 में भाजपा ने एक विदेशी मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए न्यूज पोर्टल और उसके प्रमोटरों पर गंभीर आरोप लगाए थे। फिलहाल ED की इस कार्रवाई के बाद कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
















