21.7 C
Indore
Tuesday, February 17, 2026
Homeबड़ी खबर8 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए राजपाल यादव, 1.5 करोड़...

8 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए राजपाल यादव, 1.5 करोड़ जमा करने के बाद मिली जमानत

Date:

दिल्ली हाई कोर्ट से राहत मिलने के बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव आठ दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है। जमानत से पहले राजपाल यादव ने अदालत के निर्देश पर मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा।

यह मामला साल 2010 का है जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म को फाइनेंस करने के लिए 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण मामला कोर्ट तक पहुंचा और रकम ब्याज के साथ बढ़कर करीब 11 करोड़ रुपये हो गई।

12 फरवरी को उनके वकील ने मीडिया को बताया था कि मूल रकम 5 करोड़ रुपये थी लेकिन अब यह बढ़कर 11 करोड़ हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा था कि अब तक इस मामले में करीब 2.5 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। पहले करीब 1 करोड़ रुपये रजिस्ट्री में जमा किए गए थे।

16 फरवरी को राजपाल यादव ने 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट कोर्ट में जमा किया। दोपहर करीब 2 बजे सुनवाई शुरू हुई। उनके वकील ने अदालत को बताया कि अभिनेता बिना किसी शर्त के 1.5 करोड़ रुपये जमा करने को तैयार हैं।

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने स्पष्ट किया कि भुगतान डिमांड ड्राफ्ट के जरिए ही किया जाना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि 25 लाख और 75 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट पहले ही जमा किए जा चुके हैं। अदालत ने शर्त रखी कि अगर दोपहर 3 बजे तक 1.5 करोड़ रुपये जमा कर दिए जाते हैं तो जमानत दी जाएगी।

दोपहर 3 बजे दोबारा सुनवाई शुरू हुई और भुगतान की पुष्टि होने के बाद कोर्ट ने राजपाल यादव को जमानत दे दी। इसके बाद वे तिहाड़ जेल से रिहा हो गए।

इस मामले में अब तक अभिनेता को मूल रकम के अलावा ब्याज के रूप में भी बड़ी राशि चुकानी पड़ी है। कोर्ट में आगे की सुनवाई जारी रहेगी।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश