मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्वालियर जिले के डबरा में मंगलवार को नवग्रह पीठ की कलश यात्रा के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं और एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह कलश यात्रा नरोत्तम मिश्रा के सौजन्य से आयोजित की जा रही थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे, जिससे मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान रति साहू के रूप में हुई है, जो हनुमान कॉलोनी की रहने वाली थीं। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का नाम विमला बताया जा रहा है। सभी घायलों को तुरंत डबरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृत घोषित करने पर परिजनों का फूटा गुस्सा
महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजन शव को लेकर कलश यात्रा स्थल के बीच पहुंच गए और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि अगर व्यवस्थाएं सही होतीं तो यह हादसा नहीं होता।
जानकारी के अनुसार, नवग्रह मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलना है। इस हादसे के बाद प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल भगदड़ की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। मौके पर एंबुलेंस पहुंचाई गईं और घायलों को समय पर अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग आयोजन के दौरान सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





















