26 C
Indore
Wednesday, June 24, 2026
Homeबड़ी खबरSone Chandi ka Aaj ka Rate: रिकॉर्ड तेजी के बाद सोना-चांदी धड़ाम,...

Sone Chandi ka Aaj ka Rate: रिकॉर्ड तेजी के बाद सोना-चांदी धड़ाम, चांदी 24 हजार तक टूटी

Date:

शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। लगातार कई सत्रों की रिकॉर्डतोड़ तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं पर पड़ा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी दोनों लाल निशान में नजर आए।

सबसे बड़ी गिरावट चांदी की कीमत में दर्ज की गई। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव करीब 24 हजार रुपये टूट गया। चांदी 23,993 रुपये गिरकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई। एक दिन पहले ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था।

गुरुवार को कारोबार के अंत में चांदी 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि इसका लाइफ टाइम हाई स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। यानी एक ही दिन में ऊपरी स्तर से करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की बड़ी गिरावट देखने को मिली।

सोने की कीमतों में भी जबरदस्त गिरावट

सोने की कीमतों में भी शुक्रवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। MCX पर सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। हालांकि, इससे पहले सोने ने भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए रिकॉर्ड बनाए थे।

घरेलू बाजार की बात करें तो ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार गुरुवार को चांदी लगातार चौथे सत्र में मजबूत हुई थी। इसमें 19,500 रुपये यानी करीब 5.06 प्रतिशत की तेजी आई और भाव 4,04,500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 12,000 रुपये यानी 7.02 प्रतिशत चढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।

जनवरी महीने में अब तक सोने की कीमतों में 24 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। यह जनवरी 1980 के बाद की सबसे बड़ी तेजी मानी जा रही है। वहीं चांदी की कीमतें इस महीने करीब 62 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है।

प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव देखें तो मुंबई में करीब 1,70,170 रुपये प्रति 10 ग्राम, दिल्ली में 1,69,880 रुपये, कोलकाता में 1,69,950 रुपये और चेन्नई में करीब 1,70,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहे। दक्षिण भारत के बाजारों में सोने का दाम उत्तर भारत की तुलना में थोड़े ज्यादा बने हुए हैं।

चांदी की कीमतों पर नजर डालें तो मुंबई में भाव करीब 4,01,760 रुपये प्रति किलो, दिल्ली में 4,01,060 रुपये, चेन्नई में 4,02,920 रुपये और हैदराबाद में लगभग 4,02,390 रुपये प्रति किलो दर्ज किए गए। कोलकाता में चांदी के दाम अन्य शहरों के मुकाबले कम रहे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी शुक्रवार को हल्की गिरावट देखी गई। कॉमेक्स पर सोना फिसलकर 5,412.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि इससे पहले यह 5,586 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा था। चांदी भी मामूली नरमी के साथ 117.45 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस और भू-राजनीतिक तनाव के चलते सोना-चांदी सुरक्षित निवेश बने हुए हैं।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश