13.1 C
Indore
Thursday, February 5, 2026
Homeयूपी समाचारएडीएम कंपाउंड से हटाए गए अलंकार अग्निहोत्री, पुलिस से भिड़े समर्थक, जमकर...

एडीएम कंपाउंड से हटाए गए अलंकार अग्निहोत्री, पुलिस से भिड़े समर्थक, जमकर नारेबाजी

Date:

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े घटनाक्रम और यूजीसी के नए नियमों के विरोध में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री को पुलिस उनके सरकारी आवास से दूसरे स्थान पर ले गई। इस दौरान वहां मौजूद बड़ी संख्या में समर्थक पुलिस से भिड़ गए। समर्थकों ने पुलिस की गाड़ियों के सामने खड़े होकर नारेबाजी की और अलंकार के समर्थन में प्रदर्शन किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस जब अलंकार अग्निहोत्री को ले जाने पहुंची, तो समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ लोग गाड़ियों के आगे खड़े हो गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि अलंकार को सुरक्षा कारणों से उनके पैतृक घर पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद भी समर्थक तब तक मौके पर जमे रहे, जब तक पुलिस की गाड़ियां वहां से निकल नहीं गईं।

इससे पहले मंगलवार रात अलंकार अग्निहोत्री ने खुद को हाउस अरेस्ट में बताया था। उन्होंने कहा था कि एडीएम कंपाउंड को मिनी जेल में बदल दिया गया है। उनका कहना था कि वह बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और न ही कहीं जाने या भोजन करने की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनका बुनियादी अधिकार छीना गया है और संवैधानिक मशीनरी पूरी तरह से भंग हो चुकी है।

प्रशासन की ओर से मंगलवार देर रात एडीएम कंपाउंड की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। मुख्य गेट पर आवाजाही सीमित कर दी गई थी। परिसर में पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई। निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। एक गेट को पूरी तरह बंद कर दिया गया, जबकि दूसरे गेट से केवल पहचान और पूछताछ के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था।

गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री ने दो दिन पहले बरेली सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा दिया था। तभी से उनके समर्थन में लोग जुट रहे थे। प्रशासन ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें समझाने की लगातार कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उन्होंने किसी दबाव या बहकावे में आकर यह कदम तो नहीं उठाया।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश