26.2 C
Indore
Tuesday, March 24, 2026
Homeबड़ी खबरभोजशाला में वसंत पंचमी पर पूजा शुरू, 8000 पुलिसकर्मी तैनात

भोजशाला में वसंत पंचमी पर पूजा शुरू, 8000 पुलिसकर्मी तैनात

Date:

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला में वसंत पंचमी के अवसर पर सूर्योदय के साथ ही मां वाग्देवी का पूजन शुरू हो गया है। सुबह वेदारंभ संस्कार के साथ पूजा की शुरुआत हुई। परंपरा के अनुसार श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पूजा निर्विघ्न रूप से संपन्न होगी।

कोर्ट के आदेश के मुताबिक दोपहर एक बजे से तीन बजे तक मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करेंगे। आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि दोनों समुदायों के आयोजन अलग-अलग स्थानों पर होंगे। पूजा और नमाज के लिए अलग व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह स्थान तय किया है।

इस पूरी व्यवस्था के लिए प्रशासन ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से भोजशाला परिसर का नक्शा लिया। इसके बाद दोनों पक्षों की बैठक बुलाई गई। प्रशासन का कहना है कि हिंदू समाज इस व्यवस्था से संतुष्ट है। मुस्लिम समाज से भी चर्चा की गई है और उन्हें वैकल्पिक स्थान सुझाए गए हैं। यदि किसी मुद्दे पर सहमति नहीं बनती है तो अंतिम फैसला प्रशासन लेगा।

धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि कोर्ट ने साफ निर्देश दिए हैं कि प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग-अलग हों। परिसर में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। सहमति बनने पर बेहतर रहेगा। लेकिन सहमति न होने की स्थिति में जिला प्रशासन खुद स्थान तय करने के लिए अधिकृत है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज पूर्व परंपरा के अनुसार सूर्योदय से पूजा कर रहा है।

इससे पहले भोजशाला मुक्ति यज्ञ से जुड़े पदाधिकारियों ने भी कहा था कि पूजा सूर्योदय से सूर्यास्त तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी। किसी भी तरह का व्यवधान नहीं होगा।

सुबह साढ़े दस बजे शोभायात्रा निकाली गई

वसंत पंचमी के अवसर पर शहर में धार्मिक गतिविधियां भी तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं। सुबह साढ़े दस बजे लालबाग से भोजशाला तक शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर सवा बारह बजे से धर्मसभा आयोजित की जा रही है। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार और सनातनी अखाड़ा के संयोजक स्वामी स्वदेशानंद गिरी महाराज शामिल होंगे। दोपहर एक बजकर पंद्रह मिनट पर महाआरती का आयोजन होगा।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। करीब आठ हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें एक हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 13 आईपीएस अधिकारी और 25 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी मौजूद हैं।

भोजशाला परिसर और आसपास 300 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। शहर और भोजशाला क्षेत्र में एक हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 20 ड्रोन कैमरों और एआई तकनीक से निगरानी की जा रही है। भोजशाला के भीतर 350 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं और छतों पर भी सुरक्षा बल मौजूद है। थ्रीडी मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश