इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसी क्रम में कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र 204 इंदौर-1 के कार्यों का एम.बी. खालसा कॉलेज पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर वर्मा ने कलेक्टर कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अधिकारियों से ली प्रगति की जानकारी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने बीएलओ और सुपरवाइजरों से पुनरीक्षण की प्रगति जानी। उन्होंने रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को मौके पर ही निर्देश दिए कि पुनरीक्षण के दौरान आने वाली हर समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का काम समयसीमा में पूरा होना चाहिए, ताकि अंतिम सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित प्रकाशित हो सके।

निरीक्षण में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंवार नवजीवन विजय, अपर आयुक्त नरेन्द्रनाथ पांडे, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. निधि वर्मा, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नारायण नांदेडा, जोनल अधिकारी शितोले सहित कई अधिकारी मौजूद थे।





















