8th Pay Commission Latest News: केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग के बारे में एक बड़ा अपडेट आ गया है। सरकार ने अब 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की अपनी आधिकारिक वेबसाइट शुरू कर दी है। जैसे ही वेबसाइट की शुरुआत हुई, आयोग ने मंत्रालय, विभाग, केंद्र सरकार के कर्मचारियों और इससे जुड़े हुए सभी अन्य लोगों से भी सुझाव और राय मांगना शुरू कर दिया है।
वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक 8वां केंद्रीय वेतन आयोग ज्यादा से ज्यादा और बेहतर इनपुट के लिए एक व्यवस्थित तरीके से काम कर रहा है। इसी के हिसाब से MyGov पोर्टल पर 18 सवालों का एक सर्वे दिया गया है। इस सर्वे के माध्यम से देश के लोगों को सुझाव देने का मौका मिल रहा है। इससे मिलने वाली जानकारी के आधार पर ही आयोग की सिफारिशें तैयार की जाएंगी।
वेतन आयोग ने यह सुनिश्चित किया है कि जो लोग प्रश्नावली भरेंगे, उनकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। सभी दिए गए जवाबों का विश्लेषण एक साथ किया जाएगा ताकि किसी भी व्यक्ति विशेष की पहचान स्पष्ट न हो पाए। जवाब जमा करने की आखिरी तारीख सोमवार, 16 मार्च 2026 है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि वे केवल MyGov पोर्टल के माध्यम से भेजे गए सुझावों पर विचार करेंगे। अगर आप कागज पर लिखकर या ईमेल के जरिए अपने विचार भेजते हैं या फिर पीडीएफ फॉर्मेट में सुझाव भेजते हैं, तो उन पर विचार नहीं किया जाएगा।
नई वेबसाइट पर कई अहम फीचर्स भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें नोटिफिकेशन सेक्शन, मीडिया कॉर्नर, टर्म्स ऑफ रेफरेंस और आयोग से जुड़े अन्य दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा वेबसाइट पर वेतन आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों से जुड़ी जानकारी भी दी गई है।
आने वाले समय में 8वें वेतन आयोग से जुड़े सभी अपडेट इसी वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इससे केंद्रीय कर्मचारियों को वेतन आयोग की गतिविधियों और फैसलों की जानकारी सीधे और समय पर मिल सकेगी।
गौरतलब है कि सरकार ने पिछले साल 8वें वेतन आयोग का गठन किया था। सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो गया था। अब नए वेतन आयोग की जिम्मेदारी केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, महंगाई भत्ता और पेंशन से जुड़े मामलों पर सरकार को सिफारिशें देने की है।
















