इंदौर में 17 और 18 दिसंबर 2025 को दो दिवसीय ‘मातरम् इंडिया समागम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जाल सभागृह में संपन्न होगा और इसमें लोकसंस्कृति, वैचारिक चर्चा तथा सम्मान समारोह जैसे विविध आयाम शामिल होंगे। मातरम् इंडिया द्वारा आयोजित इस समागम का उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक चेतना को एक मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 17 दिसंबर को दोपहर 12 बजे होगा, जिसमें मध्य प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष नारायण यादव मुख्य अतिथि और भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे अध्यक्षता करेंगे। उद्घाटन सत्र में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, समाज में मीडिया की भूमिका और सांस्कृतिक चेतना जैसे विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।

लोकधुनों से श्रोता होंगे रूबरू
इसके तुरंत बाद दोपहर 1 बजे ‘स्वर समागम’ सत्र शुरू होगा। निमाड़, मालवा, बुंदेलखंड और बघेलखंड की लोकगायन परंपराओं से जुड़े कलाकार मंच पर अपनी लोकधुनों से श्रोताओं को रूबरू कराएंगे। निमाड़ी लोक गायिका शीतल अत्रे, मालवी लोक गायक विक्रम सिंह बोराडिया, बुंदेली लोक गायिका ऋचा तिवारी और बघेली लोक गायिका राखी द्विवेदी की प्रस्तुतियां इस सत्र का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
इसी दिन शाम 5 बजकर 30 मिनट पर विचार मंथन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसका विषय एक देश एक चुनाव रखा गया है। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में श्री प्रहलाद सिंह पटेल मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास मध्यप्रदेश शासन उपस्थित रहेंगे। विशेष वक्ता के रूप में श्री अखिलेश कटियार राष्ट्रीय प्रवक्ता समाजवादी पार्टी अपने विचार रखेंगे।

18 दिसंबर को होगा सम्मान समारोह का आयोजन
समागम के दूसरे दिन 18 दिसंबर को सुबह 11 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में शिवम वर्मा, कलेक्टर, इंदौर सम्मान प्रदान करेंगे। मुख्य उपस्थिति में श्री दिलीप कुमार यादव आयुक्त नगर निगम इंदौर और डॉ आर आर पटेल संयुक्त संचालक जनसंपर्क मध्यप्रदेश रहेंगे।
दोपहर 1 बजे पुरस्कार वितरण समारोह होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री तुलसी सिलावट जल संसाधन मंत्री मध्यप्रदेश शासन शामिल होंगे, जबकि विशेष अतिथि श्री सत्यनारायण पटेल पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी रहेंगे।
समागम के मार्गदर्शक इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी हैं। आयोजन में स्वस्ति ग्रुप, ओमैक्स सहित कई संस्थाओं का सहयोग है। आयोजन के निवेदक सुधाकर सिंह, प्रधान संपादक, मातरम् इंडिया हैं। आयोजकों ने शहरवासियों और प्रदेश के लोगों से इस दो दिवसीय आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

















