बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब एक ही दिन में किसी वाहन का केवल एक बार चालान कटेगा। यदि किसी कारण से एक बार चालान जारी हो गया है तो उसी दिन दोबारा चालान नहीं काटा जाएगा। सिस्टम में किए गए बदलाव के बाद ट्रैफिक पुलिस को तुरंत यह जानकारी मिल जाएगी कि संबंधित वाहन का चालान पहले ही हो चुका है।
पिछले पांच महीनों में कई ऐसे मामले सामने आए थे जिनमें एक ही वाहन का एक दिन में चार से पांच बार चालान काट दिया गया। अधिकतर मामलों में गलती एक ही थी लेकिन स्थान अलग अलग थे। बड़ी संख्या में वाहन चालक पटना जिला परिवहन कार्यालय पहुंचकर शिकायत कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला परिवहन कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस ने चालान प्रणाली में सुधार किया है।
चालान काटने वाली मशीन को अपडेट कर दिया गया है। अब मशीन यह भी बताएगी कि उसी दिन वाहन का चालान पहले कहां और किस कारण से कटा है। पटना शहरी क्षेत्र में हर दिन औसतन 50 से 60 चालान काटे जाते हैं। इनमें से दस से बारह मामलों में एक ही दिन में कई बार चालान कटने की शिकायत सामने आ रही थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ऐसी स्थिति पर रोक लगने की उम्मीद है।
ऑनलाइन चालान में भी हुआ बदलाव
ऑनलाइन और मोबाइल के माध्यम से फोटो लेकर चालान काटने में भी बदलाव किया गया है। यदि मोबाइल से किसी वाहन की तस्वीर लेकर चालान की प्रक्रिया शुरू की जाती है तो सिस्टम तुरंत यह जांच करेगा कि उसी दिन पहले से चालान जारी तो नहीं हुआ है। वाहन नंबर को सॉफ्टवेयर में चिह्नित कर लिया जाएगा ताकि दोबारा जुर्माना न लगाया जा सके।
ऑनलाइन चालान प्रणाली में पहले कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार घर में खड़ी गाड़ियों के भी चालान कट जाते थे या कार के नंबर पर बाइक का चालान जारी हो जाता था। ऐसे मामलों में लोग अधिकारियों के पास शिकायत लेकर पहुंचते थे। परिवहन विभाग का कहना है कि नए सिस्टम से इन समस्याओं में कमी आएगी और लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
















