मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के बड़ौद नगर में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना के बाद मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बाजार बंद हो गए।
जानकारी के मुताबिक बड़ौद थाना क्षेत्र में सुबह करीब 11 बजे बजरंग दल के प्रखंड संयोजक शंकर सिंह राजपूत एक कलेक्शन की दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर घूरने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए बड़ौद थाना पुलिस के साथ मोतीलाल कुशवाह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की खबरें भी आईं। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर हालात संभाले, लेकिन नाराज प्रदर्शनकारियों ने बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर घेराव किया। जुलूस निकालने और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर नारेबाजी होती रही।
करीब तीन घंटे तक पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत चली। बाद में सहमति बनने पर शाम करीब 4 बजे दो आरोपियों को बड़ौद थाने से बस स्टैंड तक भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जुलूस के रूप में ले जाया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात रखा गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में कुल सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इनमें से पांच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।




















